* क्षेत्र में दहशत व्याप्त
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत बालको थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़धुवा में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान गीता तिर्की ग्राम मुड़धुवा (36) के रूप में की गयी हैं। पुलिस के अनुसार कथित आरोपी पति गोवा में काम करता था और बीती रात घर लौटा था। घर पहुंचने पर पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया। महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कथित आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
23 फरवरी / मंथन मित्तल



