* त्रिपुरा स्टेट रायफल्स जवानों की सजगता पर एसईसीएल सीएमडी ने किया सम्मान
कोरबा (मंथन) कुसमुंडा खनन क्षेत्र में डीजल चोरी की एक बड़ी घटना को त्रिपुरा स्टेट रायफल्स के जवानों ने अपनी सतर्कता और तत्परता से विफल कर दिया। 13 फरवरी को दोपहर लगभग 3:20 बजे चार अज्ञात व्यक्ति एसईसीएल की वर्दी पहनकर सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित करने के उद्देश्य से बोलेरो वाहन से अवैध रास्ते खदान क्षेत्र में प्रवेश कर गए। आरोपियों द्वारा 10 प्लास्टिक कंटेनरों में करीब 170 लीटर डीजल भरकर चोरी कर फरार होने का प्रयास किया जा रहा था।
त्रिपुरा स्टेट रायफल्स सुरक्षा कर्मियों ने संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए वाहन की पहचान की और त्वरित प्रतिक्रिया दल की सहायता से उसे रोकने का प्रयास किया। पकड़े जाने की आशंका से कथित आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जवानों ने वाहन से 170 लीटर डीजल बरामद कर चोरी की कोशिश को नाकाम कर दिया।
यह कार्रवाई त्रिपुरा स्टेट रायफल्स उप कमांडेंट मिहिर दत्ता के निर्देशन में नायक सूबेदार राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में राइफलमैन अमन टोप्पो, गोपाल दास, गेब्रियल केरकेट्टा, गुरुपदा गोपे तथा नायक बिश्नु उरांव द्वारा संयुक्त रूप से की गई। जवानों की इस सतर्क एवं साहसिक कार्यवाही की व्यापक सराहना की गई।
उक्त घटना के बाद साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी हरीश दुहन की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में त्रिपुरा स्टेट रायफल्स जवानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन एवं सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर वी. दक्षिणामूर्ति की उपस्थिति में सभी जवानों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए। एसईसीएल प्रबंधन ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और उत्कृष्ट टीमवर्क की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे कंपनी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
22 फरवरी / मंथन मित्तल



