कोरबा (ईएमएस) शासन के निर्देशानुसार कोरबा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के सभी बच्चों का एक-एक कर इलेक्ट्रॉनिक मशीन से वजन किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के अभिभावकों को नियमित वजन कराने के महत्व एवं संतुलित और पौष्टिक आहार देने के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर शिशुवती एवं गर्भवती माताओं को भी पोषण संबंधी आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
इसी कड़ी में आंगनबाड़ी क्रमांक 3, रामसागर पारा (ठेला मोहल्ला), वार्ड क्रमांक 1 में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना और कुपोषण की रोकथाम सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से अभिभावकों में जागरूकता बढ़ी तथा बच्चों के समुचित विकास पर बल दिया गया।
15 ब्लॉक स्थित एसईसीएल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 15 के आंगनबाड़ी केंद्र में भी 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष वजन उत्सव शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान क्षेत्र के सभी बच्चों का एक-एक कर इलेक्ट्रॉनिक मशीन से वजन तथा ऊंचाई मापी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक विकास की नियमित निगरानी करना एवं कुपोषण की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित इस पहल से अभिभावकों में बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा समुचित पोषण एवं विकास पर विशेष बल दिया गया।
14 फरवरी / मंथन मित्तल



