* हसदेव नदी के किनारे बसे ग्रामो के लिए जारी किया गया अलर्ट
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता हसदेव बांगो बांध (माचाडोली) से एक बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध (माचाडोली) में जलभराव 59.42 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग ने चेतावनी दी है कि आवश्यकता पड़ने पर हसदेव नदी में कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
विभाग ने हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों, खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाली क्षति के लिए संबंधित लोगों को पहले से सतर्क रहना होगा।
संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराई जाएगी। इनमें बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित कई ग्राम शामिल हैं।
1 जून से 17 जुलाई तक कोरबा जिले में 315.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश दर्री (387.2 मिमी), दीपका (382.5 मिमी) और पाली (369.8 मिमी) क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से नदी के किनारे जाने से बचने, जलस्तर पर नजर रखने और प्रशासन व जल संसाधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यदि बांध से पानी छोड़ा जाता है तो जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचना जरूरी होगा।
19 जुलाई / मंथन मित्तल



