* बंद राखड़ बाँध में पुनः डंपिंग का लगाया आरोप
* कलेक्टर से कार्यवाही की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोतलोता में बंद पड़े राखड़ बाँध में फिर से राखड़ डंप किए जाने का स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया हैं। उक्त मामले में पूर्व सरपंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (कोरबा-पश्चिम) पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार ज्ञापन में बताया गया है कि लोतलोता का राखड़ बाँध 4-5 वर्ष पहले क्षमता से अधिक भर जाने के कारण बंद किया जा चुका है। इसके बावजूद झाबू स्थित बाँध से राखड़ लाकर यहां और आसपास खाली जमीन पर डंप किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गंभीर समस्या पैदा हो रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भोजन तक राखड़ से प्रभावित हो रहा है, वहीं आने वाले बारिश के मौसम में किसानों की फसल पर भी इसका बुरा असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने मांग की है।
29 अप्रैल / मंथन मित्तल



