* ठेकेदार बदलने के बाद भी वारदातें जारी
* लोगों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में संचालित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पार्किंग से लगातार बाइक चोरी हो रही हैं। कुछ मोबाइल चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। बताया जा रहा हैं की सुरक्षा के लिए न तो सीसीटीवी कैमरे हैं और न ही कोई जिम्मेदारी लेने वाला है। लगातार शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पार्किंग का ठेका बदल दिया है।
इसी कड़ी में जानकारी देते हुए रूमगड़ा निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि वे अपने भाई के बच्चे के जन्म के कारण पांच दिन से चिकित्सालय में रुके थे। उन्होंने रात्री पहर में अपनी बाइक पार्किंग स्टैंड में खड़ी की थी। सुबह तक बाइक वहीं थी, लेकिन दोपहर में जब वे घर जाने निकले तो बाइक गायब मिली।
* बाइक चोरी के बाद पार्किंग संचालक ने थाने जाने से रोका
रोहित ने आरोप लगाते हुए बताया की पार्किंग संचालक ने पहले एक घंटा, फिर एक दिन का समय मांगा। उसने उससे कहा कि थाने न जाएं, वह किसी भी हालत में गाड़ी ढूंढ कर देगा। मौके पर ठेकेदार का मालिक भी मौजूद नहीं था। रोहित का आरोप है कि 10 रुपए पर्ची के नाम पर वसूले जाते हैं। साथ ही कहा जाता है कि अगर पर्ची नहीं कटवाई तो चोरी की जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी। पार्किंग में एक भी कैमरा नहीं लगा है।
* चिकित्सालय से चोरी हुई एक बाइक मिली एक महीने पश्चात
मानिकपुर निवासी रितिक उरांव ने बताया कि एक तारीख को उनकी बाइक इमरजेंसी गेट के पास से चोरी हो गई थी। वे ड्यूटी पर आए थे और चाय पीने ट्रामा गेट गए थे। करीब एक महीने बाद वही बाइक ट्रामा गेट के सामने खराब हालत में खड़ी मिली। पूछताछ में पता चला कि चोरों ने बाइक को पांच हजार रुपए में दूसरे लड़के को बेच दिया था। उस लड़के के पास बाइक के कोई कागज नहीं थे। गाड़ी की बैटरी और कई पार्ट्स चोरी हो चुके थे, और बॉडी भी टूटी हुई थी। रितिक को नया सामान लगवाना पड़ा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों के परिजन और चिकित्सालय के कर्मचारियो में डर का माहौल है।
14 सितंबर / मंथन मित्तल





