कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम अमलडीहा में एक अनियंत्रित ट्रैलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर घायल बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमलडीहा के पासएक ट्रैलर एकाएक अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैलर बाइक को रौंदते हुए सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसा। इस दुर्घटना में बाइक चालक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल एक महिला को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चिकित्सालय पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल मृतक और घायल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है, पुलिस पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैलर चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
28 अप्रैल / मंथन मित्तल



