* 11 नाबालिग वाहन चालकों पर की गई वैधानिक कार्यवाही
कोरबा (मंथन) कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में संचालित “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात थाना, कोरबा द्वारा लगातार सघन वाहन जांच एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अंचल के विभिन्न स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 11 नाबालिग वाहन चालक मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 11 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए कुल ₹22,000 का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को सख्त समझाइश दी गई कि भविष्य में नाबालिगों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन न चलाने दें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
कोरबा पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी है। ऐसे मामलों में जागरूकता के साथ-साथ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
30 जुलाई / मंथन मित्तल



