* उपस्थिति से लेकर शिक्षा गुणवत्ता और मध्यान्ह भोजन तक की परखी व्यवस्था
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत संचालित ग्राम के विद्यालयो में छात्रों की उपस्थिति दर्ज होना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है या नहीं, इसकी भी लगातार निगरानी जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर देवपहरी पंचायत अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की उपलब्धता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया।
माध्यमिक शाला कनसरा पहुंचकर हरिशंकर यादव ने शिक्षकों से विद्यालय की व्यवस्थाओं और बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य विषयों पर सवाल-जवाब किए। बातचीत के दौरान कुछ बच्चों के जवाब अपेक्षित स्तर के नहीं मिलने पर शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर चिंता सामने आई। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारियों के अनुपस्थित होने की जानकारी भी मिली।
विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति लगभग 50 से 60 प्रतिशत रहने की बात शिक्षकों द्वारा बताई गई। इस पर अभिभावकों से लगातार संपर्क करने, बैठक आयोजित करने और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मिलने वाले मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। विद्यालय में छात्रों को केवल कक्षा तक सीमित रखने के बजाय उनकी नियमित उपस्थिति, भोजन और पढ़ाई तीनों व्यवस्थाओं को साथ लेकर चलने की जरूरत पर चर्चा हुई।
इसके बाद प्राथमिक शाला डीडासराई का निरीक्षण किया गया। यहां छात्रों की उपस्थिति लगभग 99 प्रतिशत बताई गई। बड़ी संख्या में छात्रों के नियमित विद्यालय पहुंचने के बावजूद उनकी शैक्षणिक स्थिति में और सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। निरीक्षण के दौरान रसोइया के हड़ताल पर होने की जानकारी मिली। ऐसी स्थिति में बच्चों और शिक्षिका के सहयोग से मध्यान्ह भोजन तैयार किया गया। वहीं शिक्षिका द्वारा बच्चों की पढ़ाई के प्रति किए जा रहे प्रयास भी निरीक्षण के दौरान सामने आए।
स्कूल आ रहे बच्चे, लेकिन घर पर पढ़ाई की कमी
शिक्षिका ने बताया कि छात्र नियमित रूप से विद्यालय आते हैं, लेकिन घर पर गृहकार्य करने और पढ़ाई दोहराने की आदत काफी कम है। इससे यह सवाल भी सामने आता है कि विद्यालय में होने वाली पढ़ाई को घर के वातावरण और अभिभावकों के सहयोग से किस तरह मजबूत किया जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयो के सामने कई तरह की व्यावहारिक चुनौतियां होती हैं। दूर-दराज के ग्रामो में अभिभावकों की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल की कमी और विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं बच्चों की शिक्षा को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में केवल उपस्थिति का आंकड़ा पर्याप्त नहीं है। बच्चों को नियमित उपस्थिति के साथ कक्षा के अनुरूप पढ़ने-लिखने और समझने का स्तर हासिल कराना भी उतना ही जरूरी है।
29 सितंबर / मंथन मित्तल





