* तबीयत बिगड़ने पर सहकर्मियों ने दिया सीपीआर
* हार्ट अटैक से मौत की जताई जा रही आशंका
कोरबा (मंथन) कोरबा-एसईसीएल की दीपका विस्तार परियोजना में कार्यरत सीनियर ओवरमैन सुरेंद्र कुमार वर्मा का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। खदान में कार्य करते समय उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया, जहां परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरूआतीपरीक्षणमें हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार वर्मा रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के फेस पर कार्य के दौरान अचानक वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। इसके बाद बिना देर किए उन्हें एनसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरेंद्र कुमार वर्मा मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र बेंगलुरु में कार्यरत है, जबकि पुत्री नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) में नौकरी करती हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार और सहकर्मियों में गहरा शोक है।
घटना की जानकारी मिलने पर दीपका एरिया के महाप्रबंधक अशोक कुमार, महाप्रबंधक (खनन) एन.के. साहू सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने प्रार्थना की।
05 अगस्त / मंथन मित्तल



