कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के एमडी संजीव कुमार कटियार का कार्यकाल बढ़ा। उनके कार्यकाल में यह चौथी वृद्धि है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी (सीएसपीजीसीएल) के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार के कार्यकाल में राज्य शासन ने वृद्धि की है। ऊर्जा विभाग ने इस संबंध में 30 सितंबर को आदेश जारी किया। कार्यकाल विस्तार के साथ श्री कटियार जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में पुनः कार्यभार संभालेंगे। उनके कार्यकाल में यह चौथी बार वृद्धि है।
* बिजली क्षेत्र में 42 वर्षों से अधिक का अनुभव
संजीव कुमार कटियार को विद्युत क्षेत्र में 42 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वे प्रदेश की ताप एवं जल विद्युत परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव, कोयला खदान संचालन और मानव संसाधन प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। उनके कार्यकाल में एनटीपीसी, टीएचडीसी, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एसजीवीएन जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी आगे बढ़ाया गया है।
श्री कटियार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में वित्त वर्ष 2023-24 में एबीवीटीपीपी के प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 84.4 प्रतिशत करना उल्लेखनीय है। इसके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने 33 राज्य जनित निगमों में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी तरह कोरबा-पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में जटिल स्टेशन कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण का कार्य महज 46 दिनों में पूरा किया गया। इसे संयंत्र के संचालन एवं तकनीकी दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।
01 अक्टूबर / मंथन मित्तल





