कोरबा (मंथन) जनपद पंचायत पाली के क्षेत्र क्रमांक-15 से उपचुनाव में भारी मतों से विजयी हुई महिला जनपद सदस्य श्रीमती कौशिल्या भंवर उइके को जीते हुए 1 महीने से ज्यादा हो गया, लेकिन आज तक उन्हें शपथ तक नही दिलाई गई। ऐसे में न शपथ, न कुर्सी, न बैठक में बुलावा, न पूछ।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र क्रमांक-15 के हुए उपचुनाव में वनांचल पहाड़ी ग्राम जेमरा निवासी श्रीमती कौशिल्या उइके अपने प्रतिद्वंदियों से भारी मतों से चुनाव जीती, जिन्हें निर्वाचित हुए 1 महीने से ऊपर हो गया और जनता ने उन पर विकास का भरोसा जताया है, किंतु ऐसा लग रहा हैं की जनपद पंचायत के अधिकारी इन्हें तजव्वो ही नही दे रहें।
संवैधानिक प्रक्रिया के तहत जीत के बाद जल्द शपथ होनी थी, मगर 30 दिन बीत गए, फाइल ठंडे बस्ते में है। दूसरी ओर उन्हें जनपद पंचायत की सामान्य सभा बैठकों में भी आमंत्रित नही किया जा रहा, मानो वे सदस्य ही न हों। साथ ही उनके क्षेत्र की सडकों, नाली, पेयजल की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।
12 जुलाई / मंथन मित्तल



