* 3 दिन में काम शुरू करने की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी समस्या को लेकर अब छात्र संगठन एनएसयूआई ने आवाज उठाई है। एनएसयूआई जिला कोरबा ने दर्री डेम से रुमगड़ा होते हुए परसाभाठा चौक तक जाने वाली बेहद खराब और क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने सड़क की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए जल्द से जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह राज के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधीश के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की जर्जर सड़क की ओर आकर्षित कराया गया और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया।
* सड़क की बदहाल स्थिति से हजारों लोग प्रभावित
एनएसयूआई ने अपने ज्ञापन में बताया कि दर्री डेम से रुमगड़ा होते हुए परसाभाठा चौक तक की सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग का उपयोग बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के अलावा स्कूली और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा वाहन चालकों द्वारा किया जाता है। सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण लोगों को न केवल समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। संगठन का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है।
ज्ञापन के माध्यम से एनएसयूआई ने जिला प्रशासन के सामने स्पष्ट मांग रखी है कि दर्री डेम से परसाभाठा चौक तक सड़क निर्माण और आवश्यक मरम्मत का कार्य तीन दिनों के भीतर प्रारंभ कराया जाए। संगठन ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा तय समय सीमा के भीतर कोई ठोस पहल नहीं की जाती है तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा। एनएसयूआई ने राखड़ डेम के समीप शांतिपूर्ण चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
30 जुलाई / मंथन मित्तल



