कोरबा (मंथन) कोरबा जिला अपनी समृद्ध जैव-विविधता और दुर्लभ वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहां कई बार ऐसे जीव देखने को मिलते हैं, जिससे आम लोग चकित रह जाते हैं। इसी कड़ी में कोरबा-पश्चिम हरदीबाज़ार क्षेत्र के ग्राम मुढाली में एक ऐसी घटना घटी, जिसमें मानव और जीवों के बीच प्रेम भावना दिखी।
बताया जा रहा हैं की कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुढाली में बन रही टंकी में एक एशियन पाल्म सीविट (बज्जू) कुछ दिनों से गिरा हुआ था। उसे बचाने के उद्देश्य से उसमें सीढ़ी लगा दी गई थी, ताकि वह खुद ही बाहर निकल जाए, पर वह नहीं निकल पाया। जब गांववालों को समझ आ गया कि इसका ऐसे निकलना संभव नहीं है, तो गांव के एक युवक ने घटना की जानकारी तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम (नोवा नेचर) के जितेंद्र सारथी को दी। तद्पश्चात मामले की जानकारी कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत को दी गई। उनके मार्गदर्शन में जितेंद्र सारथी ने अपनी टीम के राजू बर्मन और बबलू मारवा को तत्काल ग्राम मुंडाली के लिए रवाना किया। ग्राम पहुंचने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, करीब एक घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार बड़ी मेहनत और सूझबूझ से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामवासियो सहित वन विभाग ने राहत की सांस ली। पंचनामा तैयार करने के पश्चात एशियन पाल्म सीविट (बज्जू) को उसके प्राकृतिक रहवास में छोड़ा गया।
15 अप्रैल / मंथन मित्तल



