* ड्यूटी में लापरवाही के आरोप पर पर दो यातायात पुलिसकर्मी निलंबित
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के सीएसईबी चौक पर नो एंट्री के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बड़ी प्रशासनिक कार्यवाही करते हुए यातायात शाखा में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर यह कार्यवाही की गई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले की विस्तृत जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक क्रमांक 352 शशिधर जायसवाल एवं आरक्षक क्रमांक 738 टंकेश्वर पटेल को कर्तव्य पालन में प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का दोषी पाए जाने पर निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, कोरबा रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार हादसे वाले दिन दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सीएसईबी चौक पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाई गई थी। इसी दौरान कटघोरा की ओर से राखड़ से भरी 14 चक्का ट्रक नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर गई। ड्यूटी पर मौजूद जवानों की जिम्मेदारी ट्रक को रोककर नो एंट्री क्षेत्र से बाहर निकालने और नियमानुसार कार्यवाही करने की थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
बताया गया कि ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया और सीएसईबी चौक पहुंचने के बाद लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था।
हादसे के बाद उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) से कराई गई प्रारंभिक जांच में दोनों यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान लापरवाही प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निलंबन की कार्यवाही की। इसके साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
04 जुलाई /मंथन मित्तल



