* न्यायालय ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर
* गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच तेज
* बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और फरार आरोपियों की भूमिका की हो रही गहन जांच
* कई और खुलासों की जताई जा रही संभावना
कोरबा (मन्थन) कोरबा जिला पुलिस द्वारा “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 643/2026, धारा 318(4), 316(5) बीएनएस के प्रकरण की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभिवृद्धि फाइनेंशियल सर्विसेस के माध्यम से लोगों को कम ब्याज दर पर लोन उपलब्ध कराने का झांसा दिया जाता था। इसके एवज में प्रोसेसिंग फीस एवं अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से राशि उनके बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। राशि प्राप्त करने के बाद न तो लोन उपलब्ध कराया गया और न ही जमा की गई रकम वापस की गई, जिससे अनेक लोग ठगी का शिकार हुए।
पुलिस की विवेचना के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य दस्तावेजों का गहन परीक्षण कर पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित किए गए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 14 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तथा गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों में हुए लेन-देन, ठगी की राशि एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने पर न्यायालय द्वारा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
कोरबा पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। साथ ही बैंक खातों में हुए लेन-देन, डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों एवं ठगी की राशि के प्रवाह का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही जारी है।
15 जुलाई / मन्थन मित्तल



