* बदमाशों, अवैध मादक द्रव्य पदार्थ एवं वारंटियों पर लगातार की जा रही कार्यवाही
कोरबा (मंथन) गणेश पूजा एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिले में लगातार विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों, वारंटियों, अवैध मादक द्रव्य पदार्थ एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में कोरबा अनुविभाग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न मामलों में प्रभावी कार्यवाही की गई।
* एक धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के आरोप में की गयी आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही
कोरबा अंचल में थाना कोतवाली क्षेत्र में एक धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के आरोप में सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई।
उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्यवाही कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
* अवैध महुआ निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ पर की गयी कार्यवाही-40 लीटर जब्त
इसी क्रम में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी के कब्जे से 40 लीटर अवैध महुआ निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ बरामद कर जब्त की गई। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
* विशेष अभियान में वारंटियों एवं अन्य आरोपियों पर की गयी कार्यवाही
गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान अंतर्गत 07 गिरफ्तारी वारंट तामील कर उनको गिरफ्तार किया गया। 06 स्थायी वारंट में कार्यवाही की गई। 10 को अन्य प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया। 02 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। 10 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
* गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
कोरबा पुलिस द्वारा गणेश उत्सव एवं आगामी विसर्जन को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण अनुविभाग क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है। पूर्व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कोरबा पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने, अवैध शराब का परिवहन/विक्रय करने, हथियार का प्रदर्शन करने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।
कोरबा जिला पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
20 सितंबर / मंथन मित्तल





