* मैदानी दौरे के दौरान श्री अग्रवाल ने गेवरा परियोजना की विशाल कार्यप्रणाली और परिचालन व्यवस्था का किया प्रत्यक्ष अवलोकन
कोरबा (मंथन) भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के निदेशक (कोयला) एवं भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा के अधिकारी आदर्श अग्रवाल ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का दौरा कर कंपनी की परिचालन व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक ढांचे की समीक्षा की।
17 जुलाई को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में श्री अग्रवाल ने निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी) परियोजना एवं योजना रमेश चंद्र मोहापात्रा के साथ बैठक की। बैठक में कंपनी के परिचालन, वित्तीय प्रबंधन, सुशासन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इससे पहले 16 जुलाई को उन्होंने देश की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल गेवरा परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उन्हें खनन कार्यों, कोयला उत्पादन प्रक्रिया, डिस्पैच सिस्टम तथा एसईसीएल द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकी पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई।
मैदानी दौरे के दौरान श्री अग्रवाल ने गेवरा परियोजना की विशाल कार्यप्रणाली और परिचालन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया। एसईसीएल के अनुसार, यह दौरा कंपनी की कार्यप्रणाली, संस्थागत ढांचे और परिचालन तंत्र को समझने के साथ-साथ विभिन्न पहलुओं पर सार्थक संवाद का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
18 जुलाई / मंथन मित्तल



