कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयो को 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिकृत आदेश के अनुसार, प्रदेश में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे छोटे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। विशेषकर दोपहर के समय लू चलने और तेज धूप के कारण विद्यालयीन छात्रों के बीमार पड़ने का खतरा अधिक हो गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय एहतियातन लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। विद्यालयो में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को बढ़ाकर यह व्यवस्था लागू की गई है। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि वे इस दौरान किसी भी प्रकार की नियमित कक्षाएं संचालित न करें। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन या वैकल्पिक माध्यमों से पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की जा सकती है।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को भीषण गर्मी में घर से बाहर न निकलने दें, पर्याप्त पानी पिलाते रहें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह निर्णय राहत भरा माना जा रहा है, जिससे बच्चों को लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सकेगा।
16 अप्रैल / मंथन मित्तल



