कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा निवासी के घर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान घर के आंगन में छिपाकर रखी गई 9 पाव अंग्रेजी मदिरा सहित एक बोतल अन्य मदिरा बरामद की गई। इसके अलावा अवैध बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित लगभग 80 लीटर डीजल भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर कथित आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
बांगो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक द्रव्य पदार्थ, डीजल और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
03 जून / मंथन मित्तल



