कोरबा (मंथन) कोरबा वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र लेमरू के ग्राम लेमरू और कुटुरूवां में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में लकड़ी चिरान के भंडारण की सूचना मिलने पर वन विभाग ने पांच संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। बताया जा रहा हैं की इस दौरान कुल 306 नग अवैध चिरान जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, उप वनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया एवं उप वनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में यह संयुक्तकार्यवाही की गई। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्राधिकारी लेमरू देवव्रत सिन्हा, बालको के जयंत सरकार, पसरखेत के देवदत्त खांडे तथा कुदमुरा की विक्रांता सिंह कंवर ने किया।
मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर सर्च वारंट जारी कर ग्राम लेमरू और कुटुरूवां के पांच घरों में वन अमले ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में साल, बीजा एवं अन्य मूल्यवान प्रजातियों के अवैध चिरान बरामद किए गए, जिन्हें नियमानुसार जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार पूरे अभियान में कुल 5.534 घनमीटर चिरान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई में थाना लेमरू पुलिस और वन विभाग के लगभग 30 अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वन विभाग ने बताया कि मामले में वन अधिनियम एवं नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति लेमरू के सदस्यों ने भी अभियान में सहयोग किया, वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।
18 जून / मंथन मित्तल



