* पिस्टल बता बनाया डर का माहौल
* दो गिरफ्तार
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में पति पर तलाक के बाद पूर्व पत्नी को एयरगन दिखाकर धमकाने का आरोप लगा हैं। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हंड्रेड बेड कॉलोनी में पूर्व आरोपी पति पर पूर्व पत्नी के घर पहुंच पहले विवादकरने का आरोप लगा हैं। साथ ही उसे थप्पड़ मारने और एयरगन को असली पिस्टल बताकर डराने की कोशिश का भी आरोप लगा हैं।
पूर्व पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया हैं। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि “बिलासपुर निवासी युवक और पीड़िता ने एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और न्यायालय से उनका कानूनी तलाक हो गया। तलाक के बाद भी पति लगातार अपनी पूर्व पत्नी से मिलने और विवाद करने उसके घर पहुंचता था।”
जानकारी देते हुए बताया जा रहा हैं कि पीड़िता चिकित्सा विभाग में कार्यरत है और सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हंड्रेड बेड कॉलोनी में अपने पिता के साथ निवास करती है। महिला के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले पूर्व पति अपनी मां और मामा के साथ घर आया था। वकील के पास जरूरी लिखा पढ़ी पूरी होने के बाद सभी चले गए थे। इसके बावजूद वह दोबारा घर पहुंच गया। उस समय महिला खुद को कमरे में बंद कर बैठी थी, लेकिन कथित आरोपी पति उससे मिलने की जिद करने लगा। जब महिला बाहर आई तो उसने उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। विवाद के दौरान उसने अपने पास रखी एयरगन निकालकर उसे असली पिस्टल बताया और महिला को डराने-धमकाने लगा। महिला ने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि उसने जानबूझकर एयरगन को असली हथियार की तरह दिखाकर भय का माहौल बनाने का प्रयास किया था।
पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान उसके साथ मौजूद मामा पर भी सहयोग और उकसाने का आरोप पाया गया, जिसके बाद उसे भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और भय उत्पन्न करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
28 जून / मंथन मित्तल



