कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम पंचायत दोंदरो के लोगों ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पावर कंपनी को आवेदन देकर पंचायत में सब-स्टेशन लगाने मांग की है। लोगों का कहना है कि ग्राम दोंदरो में बिजली की आंख-मिचौली लगातार बढ़ रही है।
बालको टाउनशिप से जुड़ाव के बाद भी ग्रामो में हालात दिया तले अंधेरा जैसे हैं। 17 से 20 ग्रामो में आए दिन बिजली गुल हो जाती है। इससे गांववासियों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आवेदन में वार्ड क्रमांक 19 संगम नगर में ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी रखी गई है। लोगों ने कहा है कि संगम नगर में खंभे गाड़कर केवल तार बिछाने से काम नहीं चलेगा। मोहल्ला संगम नगर, संजय नगर, बेलाकछार में खंभे गाड़कर केबल तार बिछाने का काम पूरा कराने की जरूरत बताई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले वे पाड़ीमार जोन में थे। बाद में उन्हें हटाकर दर्री जोन ग्रामीण में जोड़ दिया। ग्राम पंचायत दोंदरो शहर से जुड़ा है। इसके बाद भी बिजली से जुड़ी समस्या लेकर पंचायत वासियों को 20 से 25 किलोमीटर दूर कटघोरा जाना पड़ता है। दर्री जोन में होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र में तार टूटने की शिकायतें रहती हैं। डीओ गिरने पर भी प्लास्टिक मांगकर काम चलाया जाता है। इस मांग में कौशल पटेल, गोपाल दास महंत, अमित कंवर, कन्हैया यादव, अनिल दास मानिकपुरी, लक्ष्मण दास, संदीपा कंवर, प्रमिला पटेल, अमीता चौहान, देवकी प्रजापति, बबलू यादव, विनोद प्रजापति के नाम शामिल हैं।
20 मई / मंथन मित्तल



