कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा के आश्रित ग्राम आमापाली में एक बुजुर्ग महिला का शव उसके ही घर में मिला। जानकारी के अनुसार पूरा परिवार गांव में आयोजित उत्सव देखने गया था। घर में अकेली रह गई 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई।
जानकारी के मुताबिक गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। उत्सव में शामिल होने के लिए परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। उन्होंने बुजुर्ग महिला को भी साथ चलने के लिए कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
अलसुबह लगभग 4 बजे जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने छज्जे की ओर से अंदर झांककर देखा तो महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फिलहाल महिला की मृत्यु के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
06 नवंबर / मंथन मित्तल





