कोरबा (मंथन) कोरबा जिले की सड़कों पर सवारी और मालवाहक ऑटो दौड़ रहे हैं। सवारी ऑटो में सवारियों को बिठाकर गंतव्य तक पहुंचाना होता है। इसके उलट सवारी ऑटो में माल परिवहन किया जा रहा है। जिसकी वजह से मालवाहक ऑटो चालकों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इसे लेकर जिला मालवाहक ऑटो चालक कल्याण संघ ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। सवारी ऑटो में माल परिवहन पर रोक नहीं लगाए जाने पर संघ ने एक दिवसीय हड़ताल की चेतावनी दी है।
जिला मालवाहक ऑटो चालक कल्याण संघ ने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा है कि शहर में सवारी ऑटो में बहुतायत वृद्धि हुई है। जिसके कारण जल्दी सवारी बैठाने की होड़ मची हुई है। कभी कभी सवारी नहीं मिलने के कारण इन ऑटो में सामान परिवहन किया जा रहा है। जिसके कारण मालवाहक ऑटो चालकों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उनके रोजी रोटी में संकट पैदा हो गया है। संघ के पदाधिकारियों ने इस बारे में सवारी ऑटो संघ के पदाधिकारियों को लिखित में सूचना भी दी है। सवारी ऑटो में माल परिवहन नहीं करने कहा गया था, लेकिन 10-15 दिन हो जाने के बाद उनके द्वारा कहा गया कि यह हमारा नहीं प्रशासन का काम है। जिस पर संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने एक दिवसीय हड़ताल की चेतावनी दी है।
29 मई / मंथन मित्तल



