* फैशन शो, डांस, सिंगिंग, भाषण और कविता के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर
कोरबा (मंथन) स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति भावना को रचनात्मकता और प्रतिभा से जोड़ते हुए 23 अगस्त रविवार को कोरबा में “स्वतंत्रता दिवस थीम विशेष प्रतिभापूर्ण प्रतियोगिता” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष आयोजन टी.पी. नगर कोरबा स्थित होटल गणेश में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
नवप्रभा सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम में अलग-अलग विधाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला एवं अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
नवप्रभा सेवा समिति की अध्यक्ष कविता सोनी ने बताया कि उनकी समिति द्वारा विगत 5 सालों से लगातार महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के मनोबल को बनाने एवं भारतीय संस्कृति को बढावा देने मंचित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
* पांच अलग-अलग विधाओं में दिखेगा प्रतिभा का रंग
प्रतियोगिता में प्रतिभागी विभिन्न विधाओं में हिस्सा ले सकेंगे, इसके अंतर्गत भारतीय परिधान एवं फैशन शो, डांस प्रतियोगिता, सिंगिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, कविता प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा।
* प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर
नवप्रभा सेवा समिति की अध्यक्ष कविता सोनी ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि आपके भीतर नृत्य, गायन, अभिनयात्मक प्रस्तुति, वक्तृत्व, कविता या भारतीय परिधान के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का हुनर है, तो यह मंच आपके लिए खास अवसर हो सकता है। स्वतंत्रता दिवस की भावना के साथ आयोजित यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने और सम्मान हासिल करने का अवसर प्रदान करेगी।
20 अगस्त / मंथन मित्तल





