* जल संसाधन विभाग के कर्मचारी पर लगा आरोप
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर-माचाडोली में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर उसमे निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने संगीन आरोप लगाया है कि जल संसाधन विभाग की भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के मकान का निर्माण कराया जा रहा है।
उक्त आरोप के सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस मामले की शिकायत पहले भी जनदर्शन और समाधान शिविर में जिला प्रशासन को लिखित आवेदन देकर की गई थी। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों ने निर्माण कार्य पर जल्द रोक लगाने और जांच कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो निर्माण कार्य रुका और न ही किसी प्रकार की प्रभावी कार्यवाही की गयी। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि 13 जुलाई को एक बार फिर जल संसाधन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शासकीय भूमि पर हो रहे निर्माण को तत्काल रोकने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है।
फिलहाल ग्रामीण जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं।
14 जुलाई / मंथन मित्तल



