कोरबा (मंथन) केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) की 17 जुलाई की डेली कोल् स्टॉक रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के सभी ताप विद्युत संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। राज्य के तीनों प्रमुख सीएसपीजीसीएल संयंत्रों में निर्धारित मानक से काफी अधिक कोयला स्टॉक मौजूद है, जिससे निकट भविष्य में बिजली उत्पादन पर किसी प्रकार का संकट दिखाई नहीं देता।
राज्य की बिजली उत्पादन कंपनी सीएसपीजीसीएल के तीनों संयंत्रों की कुल स्थापित क्षमता 2,840 मेगावाट है। इन संयंत्रों में कुल 14.53 लाख टन कोयला उपलब्ध है, जबकि मानक आवश्यकता 8.09 लाख टन है। यानी कुल स्टॉक मानक का लगभग 180% है।
डीएसपीएम टीपीएस के पास सबसे अधिक सुरक्षित कोयला भंडार है, जो निर्धारित आवश्यकता का 224% है। कोरबा वेस्ट टीपीएस (एचटीपीएस) में मानक से 181% कोयला उपलब्ध है। मड़वा टीपीएस के पास भी आवश्यकता से 158% अधिक स्टॉक मौजूद है। किसी भी सीएसपीजीसीएल संयंत्र को क्रिटिकल कोल स्टॉक श्रेणी में नहीं रखा गया है।
सीईए रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान स्टॉक को देखते हुए छत्तीसगढ़ में बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। मानसून के दौरान भी राज्य के ताप विद्युत संयंत्रों में कोयले की उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है।
19 जुलाई / मंथन मित्तल



