कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील में बाढ़ से हुए नुकसान का अपर कलेक्टर ओंकार यादव ने जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों के मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश दिए। बाढ़ से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग की सड़कों व पुलों को अधिक नुकसान हुआ है। जहां एप्रोच रोड बह गई है, वहां मिट्टी डालकर सुधार कार्य कराया जा रहा है।
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गांवों का संपर्क टूट गया है, उसे जल्द बहाल कराया जाए और आगे नुकसान न हो, इसके लिए भी उपाय किए जाएं। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी-नालों में उफान के दौरान किनारे न जाने की अपील की है। इस अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता सी.बी. सिंह मौजूद थे।
21 जुलाई / मंथन मित्तल



