* कार्यवाही नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा (मंथन) एसईसीएल की सराईपाली खुली कोयला खदान से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन के चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130 की सर्विस रोड को पार्किंग बना दिया है। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिसे लेकर ग्राम पंचायत तालापार के सरपंच ने उपक्षेत्रीय प्रबंधक सराईपाली ओसीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है। तालापार ग्राम पंचायत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से लगी हुई है और यह सराईपाली खदान से सटा हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान में कोयला लोड करने के लिए ट्रक चालक सर्विस रोड पर ही घंटों गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर जाम लगता है और पैदल चलने ने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को जान हथेली पर रखकर निकलना पड़ता है। वार्ड पंच ने बताया कि सर्विस रोड पर दोनों तरफ ट्रक खड़े रहते हैं। बाइक तो दूर साइकिल निकालना मुश्किल हो जाता है। पिछले महीने 2 बाइक सवार ट्रक से टकराकर घायल हो गए थे। एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पाती है। सरपंच ने उपक्षेत्रीय प्रबंधक को लिखित आवेदन देते हुए मांग किया है कि सभी ट्रकों को खदान परिसर के अंदर ही व्यवस्थित तरीके से पार्क की जाए ताकि ग्रामीणों को परेशानी नही हो। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 छग का अहम राष्ट्रीय राजमार्ग है जो बिलासपुर को अंबिकापुर से जोड़ता है। साथ ही जिले के खदानों से निकलने वाले कोयला का परिवहन भी इसी राजमार्ग से होता है। सर्विस रोड जाम होने से न सिर्फ तालापार बल्कि आसपास के 10 ग्राम प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर 7 दिन में ट्रकों की अवैध पार्किंग बंद नहीं हुई तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्काजाम करेंगे।
11 मई / मंथन मित्तल



