कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हैलीपेड हनुमान मंदिर के पास मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में धुत एक युवक ने बोलेरो चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
पीड़ित बोलेरो चालक बुधवारी निवासी ने बताया कि वह सीएसईबी पावर प्लांट में कार्यरत है। काम के सिलसिले में निहारिका की ओर जाते समय, एक काले रंग की नेक्सॉन कार धीमी गति से चल रही थी। उसने आगे बढ़ने के लिए हॉर्न बजाया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नेक्सॉन चालक ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोक दी। वह गाड़ी से उतरकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसे गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, उसने चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के समय स्कूलों की छुट्टी हुई थी, जिससे सड़क पर बच्चों और आम लोगों की भारी भीड़ थी। युवक की दबंगई देखकर लोग डर गए और किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं की।
लगभग 15 मिनट तक सड़क पर जाम लगा रहा। किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाला युवक एसईसीएल कर्मी का बेटा है। वह मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में था।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि बोलेरो चालक की शिकायत पर युवक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपी युवक की शिकायत पर बोलेरो चालक के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
09 जुलाई / मंथन मित्तल



