* मिट्टी बहने से सड़क पर बना विशाल गड्ढा
* लगभग आधा मार्ग हुआ गायब
* रात्रि पहर अंधेरे में वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत गुरसिया से जटगा जाने वाले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के मार्ग पर दमऊकुंडा के पास सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। दमऊकुंडा व्रर्द्यालय के पास सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण मार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और वहां विशाल गड्ढा बन गया है। स्थिति ऐसी है कि सड़क का लगभग आधा हिस्सा टूटकर गायब हो चुका है। इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीण ने बताया कि बहुत दिनों से परेशानी है और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने बताया कि सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से मार्ग का बड़ा हिस्सा टूट गया है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
गुरसिया-जटगा मार्ग क्षेत्र के कई ग्रामो के ग्रामीणों के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आना-जाना होता है। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। विशेषकर रात्रि पहर अंधेरा होने के कारण सड़क पर बने विशाल गड्ढे का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को डर बना रहता है कि कहीं उनकी गाड़ी अनजाने में गड्ढे में न चली जाए। इससे गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
06 नवंबर / मंथन मित्तल





