कोरबा (मंथन) वनमंडल कोरबा के ग्राम गेरांव में विगत दो दिनों से मौजूद 39 हाथियों के दल ने ग्राम करतला के रास्ते जिले की सीमा को पार कर छाल रेंज का रूख कर लिया। हाथियों ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में ग्राम करतला, बड़मार व चारमार में 15 किसानों के धान की फसल को रौंद दिया, जिससे संबंधितों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार शाम होते ही हाथियों के झुंड ने आगे का रूख किया और पहले घोटमार जंगल पहुंचा और वहां कुछ देर विचरण करने के बाद ग्राम करतला, बड़मार व चारमार के रास्ते कोरबा वनमंडल की सीमा का पार कर छाल रेंज पहुंच गया। इस दौरान वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी करती रही। कोरबा की सीमा को पार करने के बाद संबंधित अमले को जानकारी देने के साथ वापस लौट गई। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक हाथियों का दल छाल रेंज के बरसपुर जंगल में मौजूद है। जिसका लोकेशन ड्रोन कैमरे के जरिए पता चल रहा है। उधर 10 हाथी अभी भी करतला रेंज में डेरा डाले हुए है। हाथियों का यह दल लबेद क्षेत्र में स्थित पहाड़ पर विचरण कर रहा है। दल में नन्हे शावक भी शामिल हैं।
29 अक्टूबर / मंथन मित्तल





