* 42 सीटें अभी भी खाली
* विद्यार्थियों के पास सुनहरा मौका
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में संचालित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। तीन चरणों की ऑनलाइन काउंसिलिंग पूरी होने के बाद अधिकांश शाखाओं की सीटें भर चुकी हैं, लेकिन कुछ तकनीकी शाखाओं में अब भी सीटें रिक्त हैं। इन्हें भरने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने संस्थान स्तर पर चौथे चरण की काउंसिलिंग शुरू कर दी है, जिससे प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को एक और अवसर मिल सके।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल जैसी प्रमुख शाखाओं की सभी सीटों पर प्रवेश हो चुका है। वहीं डिप्लोमा इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा डिप्लोमा इन इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में कुल 42 सीटें अभी भी खाली हैं। इन सीटों पर पात्र विद्यार्थी संस्थान में उपस्थित होकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। संस्थान स्तरीय काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को 8 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी और निर्धारित तिथि पर दस्तावेजों का सत्यापन कर रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय-सीमा का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने की अपील की है।
08 अगस्त / मंथन मित्तल



