* 20 हेडसेट से बच्चे करेंगे वर्चुअल दुनिया का अनुभव
* स्कूल में आधुनिक तकनीक से पढ़ाई को मिलेगा नया आयाम
* बिना कहीं जाए 3D में समझ सकेंगे विज्ञान, इतिहास और अंतरिक्ष की दुनिया
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। कोरबा जिले की पहली वर्चुअल रियलिटी (VR) लैब पीएमश्री विद्यालय थाना स्कूल में स्थापित की जा रही है। इस लैब में 20 VR हेडसेट का सेटअप लगाया जा रहा है। इसके माध्यम से अब स्कूली बच्चे कक्षा में बैठकर ही वर्चुअल दुनिया का अनुभव कर सकेंगे और विभिन्न विषयों की जानकारी को 3D तकनीक से समझ सकेंगे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र साहू ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि VR लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई अधिक रोचक और अनुभव आधारित बनेगी।
इंजीनियर मनीष अग्रवाल ने VR लैब की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी आंखों पर VR हेडसेट लगाकर आभासी दुनिया में प्रवेश कर सकेंगे। इसके जरिए उन्हें विभिन्न विषयों से जुड़ी जानकारियां आसानी से समझाई जा सकेंगी। जिन चीजों को सामान्य तौर पर किताबों में पढ़कर समझना कठिन होता है, उन्हें विद्यार्थी 3D स्वरूप में देखकर अनुभव कर सकेंगे।
01 नवंबर / मंथन मित्तल





