कोरबा (मंथन) दुर्गा पूजा से पहले कोयला श्रमिकों के लिए राहत की खबर है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कोयला मजदूरों को 1 लाख 10 हजार 250 रुपए परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवॉर्ड पीएलआर देने का निर्णय हुआ है। केंद्रीय श्रम संगठनों के साथ चर्चा के बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। 15 अक्टूबर तक श्रमिकों के खातों में राशि का भुगतान हो सकता है।
कोयला खदानों में ठेकेदारों के माध्यम से काम कर रहे ठेका श्रमिकों को भी हर साल की तरह इस बार परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) मिलेगा। पात्र ठेका श्रमिकों को वित्तीय वर्ष में अर्जित वेतन का 8.33 प्रतिशत पीएलआई के रूप में दिया जाएगा। यह राशि करीब एक माह के वेतन के बराबर हो सकती है।
पीएलआर और पीएलआई के फैसले के बाद श्रमिक संगठनों ने कोयला मजदूरों को बधाई दी है। यूनियन नेताओं ने कहा कि अब जिम्मेदारी है कि ठेका श्रमिकों को पात्रता के अनुसार पीएलआई की पूरी राशि मिले। भुगतान में कटौती रोकी जाए। बिचौलियों के जरिए शोषण रोका जाए। साथ ही संगठन निगरानी रखेगा।
संयुक्त श्रम संगठन ने कहा कि श्रमिकों की एकजुटता के कारण मांगें मजबूती से रखी जा सकीं। संगठन के अनुसार ठेका श्रमिकों के पीएलआई भुगतान की प्रक्रिया पर नजर रहेगी। पात्रता की जांच भी होगी, ताकि तय लाभ मिल सके। पीएलआर की घोषणा के बाद कोयला श्रमिकों में खुशी है। श्रमिकों को उम्मीद है कि तय समय में भुगतान हुआ तो त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिलेगी।
दीपका एरिया के जेसीसी मेंबर दीपक उपाध्याय ने कहा कि पीएलआर तय होने से बड़ी राहत मिलेगी। संयुक्त श्रम संघ के प्रयासों से यह संभव हुआ। मजदूरों ने पूरे साल उत्पादन में योगदान दिया है। समय पर बोनस भुगतान उनका अधिकार है। दीपका एरिया के जेसीसी मेंबर संजीव शर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले राशि श्रमिक परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बनेगी। 1 लाख 10 हजार 250 रुपए पीएलआर तय होना खुशी की बात है।
04 अक्टूबर / मंथन मित्तल





