कोरबा (मंथन) सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा नगर की चौपाटी परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो के नेतृत्व में आयोजित अभियान में पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं आम नागरिकों ने सहभागिता कर चौपाटी परिसर की साफ-सफाई की।
स्वच्छता अभियान के दौरान चौपाटी परिसर में जमा कचरे एवं गंदगी को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि बांकीमोंगरा की चौपाटी शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां लोग परिवार एवं मित्रों के साथ समय बिताने पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अभियान में नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद, सफाई मित्र तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
इस दौरान लोगों ने श्रमदान करते हुए चौपाटी परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, पार्षद प्रमोद सोना, श्रवण कुमार यादव, एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, पार्षद प्रतिनिधि हेम सिंह कंवर, पालिका इंजीनियर सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सफाई मित्र तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।
02 अक्टूबर / मंथन मित्तल





