कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा टल गया। गेवरा से कोरबा आ रही गिट्टी लोड मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। चालक ने समय रहते मालगाड़ी रोक दी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी के बीच का एक डिब्बा पटरी से उतर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे टीम ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद डिब्बे को वापस पटरी पर लाया। डिब्बे के पटरी से उतरने के बाद रेलवे टीम ने मालगाड़ी के दोनों हिस्सों को अलग किया। पहले खराब हुए हिस्से को हटाया गया। इसके बाद मेमू लोकल ट्रेन को आगे रवाना किया गया। घटना के कारण मेमू ट्रेन काफी देर से पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
कोरबा में मालगाड़ियों के पटरी से उतरने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले एसईसीएल रेलवे साइडिंग पर कोयले से लदी मालगाड़ी भी पटरी से उतर गई थी। उस घटना में रेलवे और एसईसीएल को नुकसान हुआ था। लगातार हो रही घटनाओं के बाद रेलवे ट्रैक के रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। समय पर ट्रैक की जांच और मरम्मत नहीं होने से ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालांकि, इस घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
25 सितंबर / मंथन मित्तल





