* कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर घटित हुआ हादसा
* ग्राम अमलडीहा बस स्टैंड के पास बिना संकेतक खड़ी थी ट्रैलर
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर ग्राम अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात सड़क हादसा घटित हो गया। बताया जा रहा हैं की सड़क किनारे बिना पार्किंग लाइट और संकेतक के खड़े ट्रैलर में बाइक जा घुसी। हादसे में 21 वर्षीय सागर कंवर नामक युवक की घटना स्थल पर की मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार सागर कंवर ग्राम बनवार का रहने वाला था। वह कटघोरा में एक निजी कंपनी में काम करता था। काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम अमलडीहा बस स्टैंड के पास यह हादसा हो गया। बताया जा रहा हैं की ट्रैलर सड़क किनारे बिना पार्किंग लाइट और किसी संकेतक के खड़ा था। अंधेरा होने के कारण युवक को ट्रैलर दिखाई नहीं दिया। बाइक सीधे ट्रैलर में जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद बाइक की लाइट जलती रही। इसी दौरान राहगीरों की नजर बाइक पर पड़ी। लोगों ने सड़क किनारे युवक को पड़ा देखा और डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय भेज दिया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर ट्रैलर और ट्रक चालक सड़क किनारे बिना संकेतक के वाहन खड़े कर देते हैं। कई बार खराब वाहन भी सड़क पर ही खड़े रहते हैं। रात के समय ये वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्यवाही करने और वाहनों में पार्किंग लाइट, जरूरी संकेतक लगाने की व्यवस्था सख्ती से लागू कराने की मांग की है।
25 सितंबर / मंथन मित्तल





