कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग पर एनटीपीसी-गोपालपुर गेट के पास राखड़ से लदा एक ट्रैलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रैलर में भरी राखड़ सड़क पर फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि राखड़ से भरा उक्त ट्रैलर दर्री-कटघोरा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान गोपालपुर गेट के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ट्रैलर के पलटते ही उसमें भरी राखड़ सड़क पर बिखर गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। राखड़ परिवहन को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से नियमों की अनदेखी के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना राखड़ का परिवहन करते हैं। ऐसे वाहनों के गुजरने के दौरान राखड़ उड़ने से पीछे चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। इसके अलावा परिवहन के दौरान सड़क पर जगह-जगह राखड़ गिरने से मार्ग गंदा होने के साथ फिसलन और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
गोपालपुर गेट के पास ट्रैलर पलटने की घटना के बाद एक बार फिर राखड़ परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और एजेंसियों से राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच और नियमों का सख्ती से पालन कराने मांग की है। लोगों का कहना है कि राखड़ को ढककर परिवहन करने, सड़क पर राखड़ गिरने से रोकने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद जिम्मेदार विभाग राखड़ परिवहन की व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाते हैं।
14 सितंबर / मंथन मित्तल





