कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम के छुराकछार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्यवाही करने पहुंची माइनिंग विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने माइनिंग इंस्पेक्टर को घेर लिया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा और तीखी बहस होती रही। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायत पर माइनिंग विभाग की टीम छुराकछार पहुंची थी। टीम ने जब कार्यवाही शुरू की तो आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने माइनिंग इंस्पेक्टर को चारों ओर से घेर लिया। मौके पर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद माइनिंग विभाग की टीम मौके से रवाना हो गई।
04 अगस्त / मंथन मित्तल



