कोरबा (मंथन) कोरबा शहर के बीएसएनएल के डिविजनल ऑफिस में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण के दिशा-निदेर्शों पर कस्टमर अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेस क्लब सचिव दिनेश राज शामिल हुए।
दिनेश राज का बीएसएनएल के एजीएम आशीष टोप्पो ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान आशीष टोप्पो, एसडीओ नीलेश अग्रवाल व एसडीओ कुसमुंडा जयनारायण देवांगन ने उपस्थित लोगों को बीएसएनएल की सेवाओं और जिले में हो रहे नेटवर्क विस्तार की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रोजेक्टर में स्लाइड और शॉर्ट वीडियो के माध्यम से साइबर सुरक्षा की सीख देते हुए ठगी के नए-नए तरीकों को बताया गया। साइबर क्राइम से सुरक्षित रहने के तरीके समझाए गए। साइबर सुरक्षा के तहत ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता को सबसे अहम हथियार बताया गया।
मुख्य अतिथि श्री राज ने कहा कि जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक नेटवर्क पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने लगी है। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। साथ ही उपस्थित गणमान्य नागरिकों को डिजिटल दौर में साइबर क्राइम से बचने के लिए सजग और जागरूक होने की अपील की।
30 जुलाई / मंथन मित्तल



