कोरबा (मंथन) कोरबा शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच टी.पी. नगर चौक पर एक छोटा हाथी (मालवाहक) वाहन अचानक खराब होकर बीच सड़क पर रुक गया। इससे कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित होने लगा।
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात यातायात विभाग के सिपाही संजीव कंवर ने तत्परता दिखाते हुए बिना किसी देरी के वाहन चालक की मदद की। उन्होंने बारिश की परवाह किए बिना अन्य लोगों के सहयोग से खराब वाहन को धक्का लगाकर सड़क किनारे कराया, जिससे कुछ ही समय में जाम की स्थिति सामान्य हो गई।
सिपाही संजीव कंवर की इस संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की मदद के लिए भी हमेशा आगे रहती है।
28 जुलाई / मंथन मित्तल



