* ग्राम विमलता में भवन की करी घोषणा
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया वनांचल क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर ग्राम कुटुरूवां, विमलता, बड़गांव और लेमरू सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, पारंपरिक नृत्य और पुष्पमालाओं के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।
उक्त दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत लेमरू में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम विमलता में मंझवार समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। भवन की घोषणा होते ही समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
ग्रामों में जनसंवाद के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधे मिलकर पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विधायक की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की।
ग्राम लेमरू के संचार बहार नाला में विधायक फूलसिंह राठिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भेंट की और वनभोज कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों के साथ आत्मीय पल बिताए। इस दौरान क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विधायक के दौरे से पूरे वनांचल क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
26 जुलाई / मंथन मित्तल



