कोरबा (मंथन) प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए दर्री स्थित हसदेव बैराज का 12 नंबर गेट लगभग 4 फीट तक खोल दिया गया है। बैराज से कुल 6,268.90 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जानकारी के अनुसार बैराज का पॉन्ड लेवल 941.45 फीट दर्ज किया गया। इसमें बैराज से 5,483 क्यूसेक, राइट बैंक हेड रेगुलेटर (आरबीएचआर) से 264.42 क्यूसेक तथा लेफ्ट बैंक हेड रेगुलेटर (एलबीएचआर) से 521.48 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बराज के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। आगे और बारिश होने तथा इसका जल स्तर बढऩे की स्थिति में अन्य गेट को भी खोला जा सकता है। उन्होंने नदी किनारे रह रहे लोगों से सावधान रहने की अपील की है। इससे पहले 18 जुलाई को बरॉज के इसी गेट को 10 फीट खोला गया था। बाद में पानी के डिस्चार्ज होने और जल स्तर कम होने पर इसे बंद कर दिया गया था।
जल निकासी बढ़ने के कारण हसदेव नदी के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों और निचली बस्तियों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को नदी में न उतरने, मछली पकड़ने या अनावश्यक रूप से तट के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और जलभराव बढ़ा, तो बैराज से पानी की निकासी में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
22 जुलाई / मंथन मित्तल



