* आरसीआरएस टीम और गौ सेवकों ने मिलकर निकाला बाहर
* इलाज के बाद छोड़ा गया सुरक्षित
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में एक नंदी बैल अचानक गहरे कुएं में गिर गया। कुएं से आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पानी और कीचड़ में फंसा नंदी बैल बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष करता रहा।
सूचना मिलने पर रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (आरसीआरएस) की टीम मौके पर पहुंची और करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
* रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों से निकाला
आरसीआरएस की टीम में मानस, उमेश और राज शामिल थे। उनके साथ स्थानीय गौ सेवक भी रेस्क्यू अभियान में जुट गए। कुआं गहरा और संकरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी कठिनाई आई। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद रस्सी, बेल्ट और अन्य उपकरणों की मदद से बैल के शरीर को सुरक्षित बांधा।
* लोगों ने मिलकर बचाई जान
कुएं के किनारे मौजूद ग्रामीणों और गौ सेवकों ने रस्सी खींचकर रेस्क्यू टीम का सहयोग किया। लंबी मशक्कत के बाद नंदी बैल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू सफल होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर टीम का उत्साह बढ़ाया।
* इलाज के बाद छोड़ा सुरक्षित
रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सक ने नंदी बैल का शुरुआती इलाज किया। राहत की बात रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। उपचार के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था की गई।
* लोगों से की अपील
आरसीआरएस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में यदि कोई मवेशी या वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य स्थान पर फंस जाए तो स्वयं उसे निकालने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत आरसीआरएस वन विभाग या संबंधित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से बचाव किया जा सके।
21 जुलाई / मंथन मित्तल



