कोरबा (मंथन) कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत चिर्रा स्थित सबस्टेशन में लगा पॉवर ट्रांसफार्मर पिछले 9-10 दिनों से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से चिर्रा से श्यांग तक के 8 से 10 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प है। यह क्षेत्र वनांचल अंतर्गत आता है, जहां हाथी सहित अन्य जंगली जानवरों का लगातार आतंक बना रहता है। अंधेरा और बारिश के कारण ग्रामीण खासकर रात में दहशत में जी रहे हैं।
बिजली नहीं होने से बोर और नल भी नहीं चल पा रहे। इससे पेयजल संकट गहरा गया है और ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। जनपद सदस्य एवं ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के कार्यालय में शिकायत की गई, लेकिन हर बार अधिकारियों द्वारा “1-2 दिन में नया ट्रांसफार्मर आ जाएगा” कहकर टाल दिया जा रहा है। अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं पहुंचा है।
ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।
18 जुलाई / मंथन मित्तल



