* 45 वर्षों की गौरवशाली परंपरा में उमड़ा जनसैलाब
* कर्मा नृत्य ने मोहा सबका मन
* राम मंदिर से प्रारंभ होकर रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंचा रथ
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के बालको नगर क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता के अनूठे संगम के साथ भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा बेहद हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। उत्कल भारती समिति द्वारा आयोजित इस रथयात्रा में बालको के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (धातु) निकेत श्रीवास्तव सहित प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और हजारों की संख्या में नगरवासी भक्तिभाव से शामिल हुए।
वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भाई बलभद्र को सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। श्री निकेत श्रीवास्तव ने भगवान का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ स्वयं रथ खींचकर इस पुनीत परंपरा का हिस्सा बने। ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयघोष के बीच रथयात्रा आगे बढ़ी। यात्रा के आगे चल रहे कर्मा नृत्य दल की मनमोहक प्रस्तुति, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
यह भव्य रथयात्रा राम मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंची, जहां भगवान की विधिवत स्थापना की गई। आयोजन समिति ने बताया कि 16 जुलाई से 24 जुलाई तक गुंडिचा मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उल्लेखनीय हैं की बालकोनगर में पिछले 45 वर्षों से जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। यह भव्य उत्सव अब केवल एक धार्मिक आयोजन न रहकर, इस क्षेत्र की सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता का एक मजबूत प्रतीक बन चुका है।
17 जुलाई / मंथन मित्तल



