* 10-12 नकाबपोशों ने दिया था वारदात को अंजाम
* सीआईएसएफ जवान से मारपीट कर लूटा था मोबाइल
कोरबा (मंथन) कोरबा के एसईसीएल गेवरा माइंस के बैकअप कार्यालय में हुई लूटपाट के आरोप में दीपका पुलिस ने तीन व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कर्मचारी और सीआईएसएफ जवान से मारपीट कर मोबाइल और तांबे के केबल तार लूटे थे। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना 7 जुलाई की रात लगभग 11 बजे की है। 10 से 12 नकाबपोश बदमाश गेवरा माइंस के बैकअप कार्यालय में घुस गए। ड्यूटी पर मौजूद एसईसीएल कर्मचारी जगन्नाथ पटेल से मोबाइल लूटने के बाद कार्यालय में रखा तांबे का केबल वायर भी ले गए।
वारदात के दौरान सीआईएसएफ जवान मिथुन एम ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उनका सैमसंग एस-22 मोबाइल भी लूट लिया। घटना के बाद दीपका थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर केबल बेचकर मिली नकदी और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार कुछ अपराधी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दीपका पुलिस ने बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी।
16 जुलाई / मंथन मित्तल



