* एसडीएम रोहित सिंह ने दिलाई शपथ
* नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित शहर के गणमान्य नागरिक हुए शामिल
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत पाली नगर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से शासन द्वारा मनोनीत तीन एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां एसडीएम रोहित सिंह ने तीनों को संविधान और नगरहित में कार्य करने की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले मनोनीत एल्डरमैन में वरिष्ठ अधिवक्ता रामनारायण पटेल, समाज सेवी हरीश चावड़ा और अनुभवी जनप्रतिनिधि रामबिलास जायसवाल का नाम शामिल है। तीनों को नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों में अनुभव प्राप्त है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, वरिष्ठ नेता ज्ञान सिंह राजपाल, परमजीत सिंह छाबड़ा, प्रयागनारायण शांडिल्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, दीपक सोनकर, कीर्ति कश्यप, सीएमओ पूर्णेंदु तिवारी सहित नगर के वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं मीडिया के साथी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने नए एल्डरमैन को पुष्पगुच्छ और बधाई देकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
शपथ के बाद एसडीएम रोहित सिंह ने नवनियुक्त एल्डरमैन को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई, जलापूर्ति, सड़क, नाली निर्माण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और उनका निराकरण कराएं। पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने पर ही नगर का समग्र विकास संभव है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि रामनारायण पटेल, हरीश चावड़ा और रामबिलास जायसवाल तीनों ही लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं। उनके मनोनीत होने से नगर पंचायत को प्रशासनिक और जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। हम सभी मिलकर पाली को स्वच्छ, सुंदर और विकासशील नगर बनाने के लिए काम करेंगे।
शपथ के बाद तीनों एल्डरमैन ने संयुक्त रूप से कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना, गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना और युवाओं के लिए रोजगार एवं खेल के अवसर बढ़ाना हमारी प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने किया और अंत में आभार व्यक्त किया।
16 जुलाई / मंथन मित्तल



